Explore

Search

June 12, 2026 7:12 pm

रायपुर में नशे में धुत्त चालकों पर पुलिस का बड़ा प्रहार :एक रात में 52 वाहन जब्त, इस साल अब तक 3365 पर कार्यवाही

रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के संकल्प के साथ रायपुर यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव शराब पीकर वाहन चलाना के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। शहर में बेखौफ होकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का ऑपरेशन सेफ्टी लगातार जारी है, जिसके तहत महज एक रात की कार्रवाई में 52 वाहन चालकों को पकड़ा गया है।

एक रात में 9 नाकों पर सघन चेकिंग

बीती 07 जून की रात, एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों पर जाल बिछाया। तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जय स्तंभ, भनपुरी चौक और पंडरी थाना क्षेत्र में की गई इस औचक कार्रवाई से नशेड़ी वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।पकड़े गए वाहनों में कार 34 मोटर साइकिल 11 ट्रक 04 टाटा एस 02 पिक-अप 01 कुल 52 वाहन चालक शामिल है ।

साल का आंकड़ा पहुंचा 3365

यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक कुल 3365 ऐसे चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा चुकी है, जो नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। पकड़े गए सभी 52 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और सभी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा ।यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाने के लिए है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन जुर्म है, बल्कि यह खुद के और दूसरों के जीवन को खतरे में डालना है।

नागरिकों से जिम्मेदार बनने की अपील

रायपुर यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नियमों को बोझ न समझें, बल्कि अपनी जिम्मेदारी निभाएं शराब पीकर कतई गाड़ी न चलाएं।सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें नाबालिगों को वाहन न दें। स्पीड लिमिट और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें।यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और अनुशासित यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS