Explore

Search

June 10, 2026 7:27 pm

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 हजार से अधिक नशीले इंजेक्शन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, झारखंड-अंबिकापुर सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

जशपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 81 हजार रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 3.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई में पुलिस मितान टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, 9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को हाथीसार (किनकेल) जंगल के पास छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मितान टीम को मौके पर बुलाया गया और जंगल में घेराबंदी की गई। काफी मशक्कत के बाद तीन आरोपियों दीपक लकड़ा, अमन सिंह और आलोक साय को जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन मिले। इनमें 440 एंप्यूल Rexogesic (Buprenorphine Injection) तथा बड़ी संख्या में Avill (Pheniramine Maleate Injection) बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त मारुति सेलेरियो कार भी जब्त की।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह नशीला माल झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मो. शमशेर खान से खरीदा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मो. शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 750 और नशीले इंजेक्शन, बिक्री की राशि तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी अरुण राम को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपक लकड़ा, अमन सिंह, आलोक साय, अरुण राम और मो. शमशेर खान शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 21(ग) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से Rexogesic Buprenorphine Injection– 865 एमएल,Avill Pheniramine Maleate Injection – 1200 शीशी,मारुति सेलेरियो कार,एक मोटरसाइकिल,4 मोबाइल फोन,6500 रुपये नकद शामिल हैं ।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान टीम के सहयोग से नशे की तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS