Explore

Search

June 10, 2026 7:10 pm

पेड़ों की सुरक्षा और संवर्धन पर विशेष ध्यान दें, केवल अत्यावश्यक स्थिति में हो वृक्षों की कटाई : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर, 10 जून। प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्यपाल रमेन डेका ने वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, नियमित देखभाल और जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

लोक भवन में राज्यपाल श्री डेका से प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पांडे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त सम्बित मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणिवासगन एस तथा रायपुर वन मंडल के डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने रायपुर शहर और नवा रायपुर में लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि वृक्षारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही वृक्षों की कटाई की अनुमति दी जाए। साथ ही शहर में बड़े हो चुके वृक्षों के आसपास लगाए गए ट्री गार्ड हटाने तथा वृक्षों के चारों ओर बनाए गए कंक्रीट ढांचों को हटाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त मात्रा में पानी और हवा पहुंचना आवश्यक है, तभी उनका समुचित विकास संभव हो सकेगा। राज्यपाल ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं, इसलिए लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

राज्यपाल श्री डेका ने अधिकारियों को शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पौधों के जीवित रहने की दर में सुधार लाने तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS