Explore

Search

June 10, 2026 6:36 pm

रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 4 वर्षीय बालक की हत्या का आरोपी 7 महीने बाद गिरफ्तार

रायपुर, 10 जून 2026।रायपुर पुलिस के ‘नवा रायपुर’ अभियान के अंतर्गत गंभीर अपराधों में फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में थाना आमानाका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 7 महीने से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मामला 1 नवंबर 2025 का है, जब थाना आमानाका क्षेत्र के अंतर्गत 4 वर्षीय बालक मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि बालक की मृत्यु गला दबाकर की गई हत्या के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया।

विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। जांच में सामने आया कि आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष)*निवासी टाटीबंध, रायपुर, का मृतक बालक की मां के साथ अवैध संबंध था। आरोपी बालक को अपने संबंधों में बाधक मानता था, जिसके चलते उसने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया और वारदात के बाद फरार हो गया था।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। एसीपी पुरानीबस्ती देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन प्राप्त की।आज 10 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी जयदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बालक की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।इस कार्यवाही में आमानाका थाना पुलिस की टीम की भूमिका सराहनीय रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS