Explore

Search

June 9, 2026 1:10 am

सुशासन तिहार में विजय केशरवानी ने उठाई बेलतरा की जनसमस्याएं, 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

बिलासपुर।सुशासन तिहार के दौरान बेलतरा विधानसभा की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ग्राम नगोई में प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान विजय केशरवानी ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन और विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन बेलतरा विधानसभा के गांवों की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहराया हुआ है, किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं, सड़कें बदहाल हैं और बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी कई जल योजनाएं निष्प्रभावी साबित हो रही हैं। जिन घरों तक नल से जल पहुंचाने का वादा किया गया था, वहां आज भी महिलाएं पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और गांवों की सड़कें विकास के बजाय उपेक्षा की कहानी बयां कर रही हैं।

विजय केशरवानी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में नियमित पेयजल आपूर्ति, बंद पड़ी जल योजनाओं को चालू करने, खूँटाघाट बड़ी एवं छोटी नहर मार्ग के पुनर्निर्माण, किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान, पंचायतों को पर्याप्त निधि देने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, रोजगार सृजन तथा अवैध उत्खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई सहित 15 प्रमुख मांगें शामिल हैं।

सभा को संबोधित करते हुए विजय केशरवानी ने कहा कि बेलतरा की जनता किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपने बुनियादी अधिकारों की मांग कर रही है। यदि गांवों में पानी नहीं, किसानों को खाद नहीं, युवाओं को रोजगार नहीं और सड़कों पर विकास दिखाई नहीं देता, तो सुशासन के दावे केवल मंचों तक सीमित रह जाते हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी और क्षेत्र की जनता व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि बेलतरा की जनता उपकार नहीं, अपने अधिकार मांग रही है और इन अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS