बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “जलवायु कार्रवाई (Climate Action)” के अनुरूप साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में अपने प्रयासों को और मजबूत किया है। कंपनी का कहना है कि ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए हरित विकास, जल संरक्षण, स्वच्छ खनन तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा पर लगातार काम किया जा रहा है।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि जलवायु कार्रवाई केवल वैश्विक अभियान नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कंपनी वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छ खनन तकनीक, ग्रीन मोबिलिटी, सौर ऊर्जा और कोल गैसीफिकेशन जैसी पहलों के जरिए ऊर्जा सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है।
567 हेक्टेयर में बढ़ा हरित आवरण
वित्तीय वर्ष 2025-26 में एसईसीएल ने 13.96 लाख पौधों का रोपण कर 567.02 हेक्टेयर क्षेत्र में हरित आवरण विकसित किया। कंपनी के अनुसार, इससे खनन क्षेत्रों में पारिस्थितिक संतुलन बहाल करने में मदद मिल रही है।
408 लाख किलोलीटर खान जल का पुनः उपयोग
जल संरक्षण के तहत एसईसीएल ने 408 लाख किलोलीटर खान जल का पुनः उपयोग किया। इस पानी से 3,800 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई हो रही है, जिससे किसानों को लाभ मिलने के साथ जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिला है।
आधुनिक तकनीक से घट रहा प्रदूषण
कंपनी खनन कार्यों में Surface Miner, Continuous Miner, FMC और Fogging System जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। इन तकनीकों से धूल और प्रदूषण में कमी आने के साथ खनन कार्य अधिक सुरक्षित और दक्ष बने हैं।
ग्रीन मोबिलिटी और सौर ऊर्जा पर जोर
कार्बन उत्सर्जन कम करने के उद्देश्य से एसईसीएल ने 60 इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन शुरू किया है। इसके अलावा 41 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह पहल नेट-ज़ीरो लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कोल गैसीफिकेशन पर भी काम
एसईसीएल कोल गैसीफिकेशन तकनीक के विकास पर भी काम कर रहा है। कंपनी के अनुसार, यह तकनीक भविष्य में स्वच्छ और अधिक दक्ष ऊर्जा उत्पादन के लिए उपयोगी विकल्प साबित हो सकती है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसईसीएल ने संदेश दिया कि आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ संभव हैं। कंपनी का कहना है कि हरित पहल और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वह ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभा रही है।
प्रधान संपादक



