Explore

Search

July 20, 2026 3:21 pm

तीन दिन बाद भी राहत का इंतजार: बेलतरा के बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विजय केशरवानी, नगर निगम पर लगाए संवेदनहीनता के आरोप

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद भी राहत कार्यों की रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम और प्रशासन अब तक अधिकांश प्रभावित वार्डों में प्रभावी राहत नहीं पहुंचा पाए हैं, जिसके कारण सैकड़ों गरीब परिवार भोजन, पेयजल और जरूरी सुविधाओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

विजय केशरवानी लगातार तीसरे दिन खतराई, बहतराई, बिजौर सहित बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित वार्डों में पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और अपने सहयोगियों के साथ जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था कर राहत सामग्री वितरित की।

दौरे के दौरान बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि घरों में रखा महीनों का राशन पानी में भीगकर खराब हो गया है। बर्तन, बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो चुके हैं। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और लोग अब भी मलबे से सामान निकालने में जुटे हैं। बच्चों की किताबें, कॉपियां, मार्कशीट सहित अन्य शैक्षणिक दस्तावेज तथा कई परिवारों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जरूरी कागजात भी पानी में बह गए हैं।

विजय केशरवानी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी अधिकांश प्रभावित वार्डों तक राहत नहीं पहुंचना प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम करोड़ों रुपये प्रचार-प्रसार और अन्य मदों पर खर्च करता है, लेकिन संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों तक समय पर भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने में असफल रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी प्रभावित वार्डों का तत्काल सर्वे कराया जाए, प्रत्येक पीड़ित परिवार को खाद्यान्न, आवश्यक घरेलू सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त मकानों का शीघ्र मुआवजा दिया जाए तथा जिन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज नष्ट हो गए हैं, उनके पुनर्निर्माण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं।

विजय केशरवानी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में बेलतरा की जनता राहत नहीं बल्कि अपना अधिकार मांग रही है। प्रशासन और नगर निगम को राजनीति और औपचारिकताओं से ऊपर उठकर युद्धस्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू करने चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस नेता विनोद साहू, पार्षद मनोज सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष हितेश देंगांगन, पवन चंद्राकर, पुष्पराज साहू, छोटकू साहू, जानू कौशिक, कमल कश्यप, अर्चना सूर्यवंशी, अन्नपूर्णा तिवारी, गौरव सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS