जांजगीर-चांपा, 03 जून 2026। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को दुर्घटनाजन्य एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने किया। उनके साथ एसडीएम चांपा पवन कोसमा, एसडीएम पामगढ़, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के सब इंजीनियर तथा लोक निर्माण विभाग शिवरीनारायण क्षेत्र के सब इंजीनियर डी.सी. दिनकर उपस्थित रहे।
संयुक्त टीम ने थाना चांपा क्षेत्र के हथनेवरा चौक, जांजगीर क्षेत्र के ग्राम तिलाई, अकलतरा क्षेत्र के अमरताल रोड तथा थाना पामगढ़ क्षेत्र के दुपट्टा मोड़ का निरीक्षण किया। ये वे क्षेत्र हैं जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा जिन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, चेतावनी एवं दिशा संकेतकों की उपलब्धता, मोड़ों की संरचना तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया। समीक्षा में तेज रफ्तार वाहन संचालन, यातायात नियमों का उल्लंघन, अपर्याप्त संकेतक, रोड मार्किंग की कमी, सड़क किनारे अतिक्रमण, खराब रोड शोल्डर, दृश्यता प्रभावित करने वाले मोड़ तथा कुछ स्थानों पर सड़क संरचना की खामियों को दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के रूप में चिन्हित किया गया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक उपायों के तहत चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही इन बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्राचार किए जाने की जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लगातार अभियान एवं निगरानी की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस एवं प्रशासन ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
प्रधान संपादक


