रायपुर, 2 जून 2026। सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहाड़गांव स्थित पिलखा जलाशय आज महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायक केंद्र बनकर उभरा है। यहां मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बोटिंग गतिविधि का सफल संचालन कर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि ग्रामीण महिला उद्यमिता की एक नई मिसाल भी पेश की है।
10 सदस्यीय मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सुनीता सिंह और सचिव यशोदा दास के नेतृत्व में महिलाओं ने स्थानीय पर्यटन से जुड़कर रोजगार का नया अवसर तैयार किया है। जलाशय में आने वाले पर्यटकों के लिए बोटिंग सुविधा शुरू की गई है, जिसके लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति की दर निर्धारित की गई है।

समूह की महिलाओं ने सीमित संसाधनों, तकनीकी जानकारी के अभाव और संचालन संबंधी चुनौतियों के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों से सफलता हासिल की। उन्होंने बोटिंग संचालन, पर्यटकों की सुरक्षा और परिसर प्रबंधन की जिम्मेदारी स्वयं संभालते हुए इस गतिविधि को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।
इस पहल से समूह अब तक 74 हजार रुपये की शुद्ध आय अर्जित कर चुका है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। समूह से जुड़ी महिलाएं अब परिवार की आय में योगदान देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि ग्रामीण महिलाओं को अवसर और सहयोग मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता का नया अध्याय लिख सकती हैं। पिलखा जलाशय में संचालित बोटिंग गतिविधि आज महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण पर्यटन विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है।
प्रधान संपादक


