Explore

Search

May 21, 2026 5:13 pm

सीतापुर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: दोस्त ही निकला कातिल, मामूली विवाद में ईंट से कुचलकर की हत्या

रायगढ़, 21 मई। रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने मामूली विवाद में बेरहमी से कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया की १५ मई की सुबह सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने खाली जमीन पर एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था ।मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी 21 वर्षीय तिलक वर्मा के रूप में हुई। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान घटनास्थल से खून से सनी ईंट और पत्थर बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि घटना की रात मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच टावर मैदान के पास विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अमन बसोड़ को पुराना बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 14 मई की रात दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले मारपीट हुई, फिर दोनों के बीच समझौता जैसा माहौल बना, लेकिन रात में सीतापुर पहुंचने के बाद पुरानी बात को लेकर फिर झगड़ा शुरू हो गया।

गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने लोहे के कड़े से तिलक पर हमला किया और फिर पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया था।

कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी अमन बसोड़ पिता मनहरण बसोड़, उम्र 21 वर्ष, निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य, एएसआई मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू, आरक्षक चुडामणी गुप्ता और राजेश खांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले में एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों को रायगढ़ पुलिस लगातार तलाश कर गिरफ्तार कर रही है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS