बिलासपुर, 12 मई 2026। कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास डीएमएफ की शासी परिषद के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को मंथन सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 150 करोड़ रुपये की नवीन वार्षिक कार्य-योजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक धर्मजीत सिंह सुशांत शुक्ला दिलीप लहरिया अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी सहित शासी परिषद के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिले के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। कार्य-योजना में पेयजल संबंधी कार्यों के लिए 5 करोड़ 60 लाख रुपये, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए 16 करोड़ रुपये तथा शिक्षा क्षेत्र के लिए 31 करोड़ 64 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। शिक्षा मद में महाविद्यालयों एवं शिक्षा केंद्रों में शेड निर्माण, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं।

महिला एवं बाल विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 करोड़ रुपये, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण के लिए 10 करोड़ 35 लाख रुपये तथा कौशल विकास के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सियान सदन निर्माण, दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस विभाग को तीन एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, गोल बाजार एवं नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था, मल्हार मंदिर परिसर में शेड निर्माण, पुलिस ग्राउंड के मुख्य मंच के कायाकल्प, मंगला, तिफरा, उस्लापुर और बहतराई में मुक्तिधाम निर्माण, चयनित ग्राम पंचायतों में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र तथा यातायात नियंत्रण के लिए हाइड्रा वाहन उपलब्ध कराने जैसे विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
प्रधान संपादक


