Explore

Search

June 27, 2026 3:45 am

अपहरण के सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 24 घंटे के भीतर युवक सकुशल बरामद, झारखंड से 3 आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून को हाथ में लेकर किसी व्यक्ति को डराना, धमकाना या अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी”

छत्तीसगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी शिवप्रसाद बंजारा ने 11 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का तीन युवकों ने जबरन अपहरण कर लिया है। बताया गया कि आरोपी दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर घर पहुंचे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 मई की दोपहर करीब 3:30 बजे झारखंड निवासी पवन साहू अपने साथियों विष्णु साहू और नरेंद्र उर्फ नरेश साहू के साथ वाहन क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 से प्रार्थी के घर पहुंचे। आरोपियों ने 12 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद बताते हुए रवि बंजारा के साथ मारपीट की और उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना लैलूंगा पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर झारखंड के रांची में दबिश दी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित मुक्त कराया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला व्यापारिक लेन-देन के विवाद से जुड़ा पाया गया है।

थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 140(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियो में पवन साहू (30 वर्ष), निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड,विष्णु साहू (22 वर्ष), निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड,नरेंद्र साहू (27 वर्ष), निवासी डिम्बा, थाना लापुंग, जिला रांची, झारखंड शामिल हैं ।

    पूरी कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई। वहीं थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्र कुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, आरक्षक संतराम केंवट, राजू तिग्गा और गोविंद बनर्जी की सराहनीय भूमिका रही।

    रवि शुक्ला
    रवि शुक्ला

    प्रधान संपादक

    Advertisement Carousel
    CRIME NEWS

    BILASPUR NEWS