Explore

Search

April 26, 2026 3:38 pm

दुर्ग में फर्जी ड्रग लाइसेंस के सहारे नशीली सिरप का बड़ा रैकेट बेनकाब, 4 गिरफ्तार ;एसएसपी विजय अग्रवाल का खुलासा

दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दुर्ग पुलिस ने दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की नशीली सिरप, वाहन, मोबाइल फोन एवं नकदी जब्त की है।

एसएसपी श्री अग्रवाल ने बताया कि चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम को 23 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड, भिलाई क्षेत्र में कुछ व्यक्ति कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप की बिक्री हेतु परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सेण्ट्रो कार CG-07-8595 को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से 7 कार्टून में भरी 800 नग प्रतिबंधित कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों योगेश शर्मा और उमेश कुमार यादव ने फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर गुजरात स्थित कंपनी से इंडिया मार्ट एवं ई-कुरियर के माध्यम से सिरप मंगवाकर अवैध बिक्री करना स्वीकार किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी ने आगे बताया कि मुख्य आरोपी योगेश शर्मा ने एक वास्तविक ड्रग लाइसेंस में एडिटिंग कर अपने नाम से फर्जी लाइसेंस तैयार कराया था। इसके साथ ही फर्जी लेटरपैड और सील का उपयोग कर प्रतिबंधित सिरप मंगाई जाती थी, जिसे अधिक कीमत पर अन्य आरोपियों एवं स्थानीय युवाओं को बेचा जाता था।

मामले की जांच के दौरान महावीर जैन उर्फ रोहित और सतीश मेश्राम को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवाओं में नशे की लत फैलाकर अवैध धन लाभ अर्जित कर रहे थे।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 8(ख), 27(क) और 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है।

पुलिस द्वारा जप्त सामग्री में 800 नग प्रतिबंधित सिरप कीमत 2,08,800 रुपये एक एक्टिवा 30,000 रुपये एक सेण्ट्रो कार 1,00,000 रुपये 4 मोबाइल फोन 1,60,000 रुपये एवं नकद 1,200 रुपये शामिल हैं,जिसकी कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।

एसएसपी श्री अग्रवाल ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि सूचना संकलन, घेराबंदी और त्वरित गिरफ्तारी में पुलिस टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया है।

एसएसपी अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों या किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS