Explore

Search

April 25, 2026 3:57 pm

रेलवे की पहल:भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए राहत का कवच बना ओआरएस वितरण अभियान,चलती ट्रेन से स्टेशन तक स्वास्थ्य सुरक्षा पर फोकस

“मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने कहा यह पहल यात्रियों को गर्मी से बचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास है,लगातार बढ़ते तापमान के बीच यह व्यवस्था यात्रियों के लिए राहत कवच साबित हो रही है”

बिलासपुर 21 अप्रैल 2026।भीषण गर्मी एवं उमस के बीच यात्रियों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए बिलासपुर रेल मंडल द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देशन में स्टेशनों तथा ट्रेनों में जरूरतमंद यात्रियों को ओआरएस सैशे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

रेल प्रशासन के अनुसार, गर्मी के मौसम में लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों में डिहाइड्रेशन की शिकायतें तेजी से बढ़ती हैं। इसे देखते हुए टिकट जांच स्टाफ को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे यात्रियों की पहचान कर उन्हें तत्काल ओआरएस उपलब्ध कराएं। इससे यात्रियों को सफर के दौरान ही प्राथमिक राहत मिल रही है।

अभियान की खास बात यह है कि इसे केवल वितरण तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त वाटर कूलर लगाए गए हैं और पेयजल नलों की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं, समाजसेवी संगठनों के सहयोग से कई स्थानों पर निःशुल्क प्याऊ भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को ठंडा पानी आसानी से मिल सके।

मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन का कहना है कि यह पहल यात्रियों को गर्मी से बचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच यह व्यवस्था यात्रियों के लिए राहत कवच साबित हो रही है।

यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ट्रेन यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की स्थिति में ओआरएस की उपलब्धता बेहद उपयोगी है। इससे सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक बन रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS