Explore

Search

April 21, 2026 2:36 am

अफवाह से मचा हड़कंप: जशपुर की पहाड़ियों में प्लेन क्रैश की खबर निकली झूठी

बिना पुष्टि खबर चलाने पर उठे सवाल, प्रशासन बोला-कहीं कोई हादसा नहीं हुआ

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र की पहाड़ियों में विमान क्रैश होने की खबरों ने सोमवार को पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कुछ न्यूज़ चैनलों और वेब पोर्टल्स में इस तरह की खबरें प्रसारित होते ही स्थानीय लोगों में भय और भ्रम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में तत्काल जांच शुरू कर दी। टीमों को मौके पर भेजा गया और आसपास के इलाकों में पड़ताल की गई, लेकिन कहीं भी किसी विमान दुर्घटना के कोई प्रमाण नहीं मिले।

जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट रूप से इन खबरों का खंडन किया। अधिकारियों ने कहा कि जशपुर जिले में किसी भी स्थान पर प्लेन क्रैश की कोई घटना नहीं हुई है और इस तरह की खबरें पूरी तरह भ्रामक व निराधार हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर बिना पुष्टि के खबरें प्रसारित करने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अफवाहें न केवल आम जनता में डर और असमंजस पैदा करता हैं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र को भी अनावश्यक रूप से सक्रिय कर देती हैं।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

गौरतलब है कि हाल के समय में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। ऐसे में जिम्मेदार पत्रकारिता और जागरूक नागरिकता दोनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS