रायगढ़, 18 अप्रैल 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने सघन कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को भूपदेवपुर, चक्रधरनगर, छाल, जोबी एवं जूटमिल क्षेत्र में अलग-अलग टीमों द्वारा कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित स्थानों पर रेड कर अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों को पकड़ा।
भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पण्डरीपानी में पुलिस ने संतराम खड़िया को उसके घर के सामने बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
इसी प्रकार चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लोईंग में पुलिस ने अर्जुन सतनामी को उसके घर से गिरफ्तार कर लगभग 10 लीटर महुआ शराब बरामद की। छाल थाना क्षेत्र के बरभौना पुल के पास भरत सिंह राठिया को पकड़कर 7 लीटर शराब जब्त की गई।
जोबी क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला आरोपी बरातो बाई राठिया को अवैध शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मौके से 20 लीटर महुआ शराब के साथ निर्माण में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
वहीं जूटमिल क्षेत्र के काशीराम चौक में सायबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने संध्या बंजारे के घर दबिश दी। यहां से लगभग 10.4 लीटर महुआ शराब और प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या सहनशीलता नहीं बरती जाएगी।
प्रधान संपादक


