Explore

Search

April 8, 2026 3:38 am

डीजीपी अरुण देव गौतम का रायगढ़ दौरा, एसएसपी शशि मोहन सिंह की मौजूदगी में पुलिसिंग की समीक्षा, की काम काज की सराहना 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने रायगढ़ पहुंचकर जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था और संसाधनों की व्यापक समीक्षा की। रक्षित केंद्र स्थित ऑफिसर्स मेस में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीजीपी गौतम ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जिले में संचालित पुलिसिंग की सराहना करते हुए बेसिक पुलिसिंग को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावी बीट व्यवस्था से सूचनाओं का बेहतर संकलन होता है और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलती है। उन्होंने थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या स्वयं सुनने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत हो सके। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों को समय रहते शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने पर बल दिया।

यातायात व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने एसएसपी को विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए समंस एवं वारंट की समय पर तामिली तथा विशेषज्ञ रिपोर्ट समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीजीपी गौतम ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसएसपी सहित सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकरण में पक्षपात की कोई गुंजाइश न रहे और प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई हो।

दौरे के दौरान डीजीपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के साथ होमगार्ड रायगढ़ स्थित फायर यूनिट का निरीक्षण किया। यहां फायर ब्रिगेड वाहनों का प्रदर्शन किया गया और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इस दौरान उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए डीजीपी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के फायर ब्रिगेड वाहनों को शीघ्र वहां भेजने और फायरमैन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात डीजीपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के साथ छठवीं वाहिनी परिसर का निरीक्षण किया और साफ-सफाई व बुनियादी ढांचे में सुधार के निर्देश दिए।

डीजीपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली को सराहनीय बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का मूल मंत्र समाज के साथ विश्वास स्थापित करते हुए प्रभावी अपराध नियंत्रण करना है। उन्होंने साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए म्यूल अकाउंट्स के खिलाफ चल रही कार्रवाई और सीसीटीएनएस उन्नयन की जानकारी दी। साथ ही नव नियुक्त सब-इंस्पेक्टरों की शीघ्र पदस्थापना से पुलिस बल को और मजबूती मिलने की बात कही।

मीडिया से की बातचीत

इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, श्रीमती उन्नति ठाकुर सहित जिले के अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS