Explore

Search

April 4, 2026 3:00 pm

महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार,2.25 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

महासमुंद, 02 अप्रैल 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध मादक पदार्थ लेकर ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया।

वाहन की जांच के दौरान उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम हरविंदर सिंह और सत्यवान वाल्मीकि, निवासी करनाल (हरियाणा) बताए। वाहन के पीछे रखी बोरियों की तलाशी लेने पर उसमें अफीम पोस्त डोडा भरा हुआ मिला। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे उक्त मादक पदार्थ को झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे।

पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा, परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (क्रमांक HR46 F 4848) जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया है।

इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट की पहचान कर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS