Explore

Search

March 29, 2026 9:25 pm

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026

वेटलिफ्टिंग में अरुणाचल पुरुष और असम महिला वर्ग के ओवरऑल चैम्पियन

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, रिशिका कश्यप को रजत, लकी बाबू मरकाम को कांस्य

रायपुर, 29 मार्च 2026।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन के साथ ही टीम चैम्पियनशिप के परिणाम भी घोषित किए गए। पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि मिजोरम उपविजेता और असम तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में असम ने ओवरऑल चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। ओडिशा दूसरे तथा छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।

राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने शक्ति, तकनीक और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप तथा रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विजेताओं को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रमुख मुकाबले

पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने 299 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। मिजोरम के डेविड लालजाव्मडिका (270 किग्रा) को रजत तथा छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम (261 किग्रा) को कांस्य पदक मिला। लकी बाबू का यह प्रदर्शन स्थानीय दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

पुरुष 110+ किलोग्राम वर्ग में मिजोरम के डेविड जोह्मिंगमाविया ने 290 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। आंध्र प्रदेश के गुगुलोथु राजा शेखर (255 किग्रा) को रजत और असम के मनाश प्रतिम सोनवाल (223 किग्रा) को कांस्य पदक मिला।

महिला 86 किलोग्राम वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी बंडु बुरकुले ने 150 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने 121 किलोग्राम के साथ रजत पदक अर्जित किया, जबकि असम की बिटुपुना देओरी ने कांस्य पदक हासिल किया। 86 किलोग्राम से अधिक वर्ग में मिजोरम की जोसांगजुआली (140 किग्रा) ने स्वर्ण, असम की पिंकी बोरो ने रजत और मध्यप्रदेश की गुंजन उइके ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। कांस्य पदक विजेता लकी बाबू मरकाम ने कहा कि राज्य में इस स्तर के आयोजन से जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

पूरे आयोजन के दौरान तकनीकी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और प्रतियोगिताएं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुईं। दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में ऊर्जा का संचार किया। वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं ने यह स्पष्ट किया कि देश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जिन्हें उचित मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS