Explore

Search

March 29, 2026 3:31 am

पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के मद्देनज़र कमिश्नर-आईजी ने ली समीक्षा बैठक

कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल एसएसपी रजनेश सिंह ने तेल कंपनियों को दिए अहम निर्देश,कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती

बिलासपुर, 28 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार सतर्क नजर आ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुरूप संभागीय कमिश्नर आईएएस सुनील जैन एवं आईजी आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने मंथन सभाकक्ष में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल, एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और तेल कंपनियों के अधिकारी, डीलर एवं वितरक उपस्थित रहे।

बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरक एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। कमिश्नर श्री जैन ने निर्देश दिए कि पूरे बिलासपुर संभाग में इन वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थिति में कमी न होने दी जाए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अफवाहों पर नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। आमजन तक सही और तथ्यात्मक जानकारी समय पर पहुंचाई जाए। सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर भ्रामक खबरों की सतत निगरानी करते हुए उनका तत्काल खंडन सुनिश्चित किया जाए।

कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

बैठक में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 1800-233-3663 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती

कमिश्नर सुनील जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक एवं वितरण की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।

उर्वरकों की जमाखोरी पर रोक लगाने और किसानों को आवश्यकता अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही दैनिक स्टॉक की निगरानी कर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने को कहा गया।

अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे सहित अन्य आवश्यक सेवाओं में गैस और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

आईजी रामगोपाल गर्ग ने सीमावर्ती चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ईंधन के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध रूप से कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया।

बैठक में तेल कंपनियों के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि संभाग में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

कमिश्नर सुनील जैन एवं आईजी रामगोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS