रायपुर, 28 मार्च 2026।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय खेल मैदान, रायपुर में आयोजित पुरुष 88 किलोग्राम भारोत्तोलन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अरुणाचल प्रदेश के रुबा ताडु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 274 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 117 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 157 किग्रा वजन उठाकर पहला स्थान सुनिश्चित किया।
आंध्र प्रदेश के देवरकोंडा प्रेम सागर ने कुल 270 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के सोरम हिटलर टाग्रू ने 262 किलोग्राम के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।

प्रतियोगिता में ओडिशा के सनातन मलिक (249 किग्रा) चौथे स्थान पर रहे, जबकि असम के प्रीतम सोनोवाल (248 किग्रा) पांचवें स्थान पर रहे। मध्यप्रदेश के पृथ्वीराज चौहान (226 किग्रा) ने छठा स्थान प्राप्त किया।
अन्य प्रतिभागियों में त्रिपुरा के डेनियल जमातिया (192 किग्रा), गोवा के एलेस्टर गोम्स (152 किग्रा), तेलंगाना के सिद्दाबोइना नवीन (146 किग्रा) और छत्तीसगढ़ के छत्रपाल ठाकुर (130 किग्रा) शामिल रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेकर महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया।
इस मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया। आयोजन ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, बल्कि विभिन्न राज्यों के बीच खेल भावना और एकता को भी सुदृढ़ किया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकते हैं।
प्रधान संपादक


