Explore

Search

March 28, 2026 4:50 pm

करंट की चपेट में आकर मासूम की मौत, बचाने गए माता-पिता भी झुलसे

बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे माता-पिता भी झुलस गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।


सिरगिट्टी में रहने वाले रमेश सिंह मरकाम निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम करते हैं। वे वहां पर परिवार सहित वहीं रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह रमेश की बेटी आन्या अपनी मां अर्चना के साथ मकान परिसर में लगे पानी के पंप के पास नहा रही थी। इसी दौरान वह वहां मौजूद खुले बिजली तार की चपेट में आ गई। बेटी को करंट लगते देख मां अर्चना और पिता रमेश उसे बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए और दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने बिजली सप्लाई बंद की और बच्ची को तार से अलग किया। इसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आन्या को मृत घोषित कर दिया। उसके माता-पिता का इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, जब बच्ची का चाचा बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को नियमों की जानकारी दी। समझाइश के बाद शव को वापस अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान में लूज कनेक्शन के जरिए बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। इसी असुरक्षित और खुले तार के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने बिजली विभाग से रिपोर्ट तलब की है और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS