
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। होटल और ढाबों की आड़ में शराब बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा”
रायगढ़, 19 मार्च। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंजारी स्थित सियाराम होटल में छापेमारी कर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 18 मार्च को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि बंजारी स्थित सियाराम होटल में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब छिपाकर बेची जा रही है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची, जहां होटल संचालक सियाराम सिंह (47 वर्ष), निवासी तराईमाल, घनश्याम कॉलोनी थाना पूंजीपथरा को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब रखना स्वीकार किया और कोई वैध पास-पर्मिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान होटल परिसर से 35 पाव अंग्रेजी शराब (जम्मू ब्रांड) कुल 6.300 लीटर, जिसकी कीमत लगभग 4,200 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह तथा आरक्षक विनोद शर्मा और विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। होटल और ढाबों की आड़ में शराब बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा इस प्रकार के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रधान संपादक


