Explore

Search

March 5, 2026 6:59 pm

रायपुर में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नामांकन से पूर्व श्रीमती वर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित ‘स्मृति मंदिर’ पहुँचकर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया तथा कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नामांकन के बाद विश्वास व्यक्त किया कि लक्ष्मी वर्मा राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्मा का अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण उच्च सदन में प्रदेश की आवाज को मजबूती देगा। साय ने कहा कि उन्हें प्रत्याशी बनाना महिला सशक्तीकरण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि लक्ष्मी वर्मा संगठन की निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ता रही हैं। राज्यसभा के लिए उनका चयन प्रदेश की मातृशक्ति का सम्मान है और उनके अनुभव से दिल्ली में छत्तीसगढ़ के हितों को और मजबूती मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वर्मा का राज्यसभा जाना प्रदेश के पिछड़े वर्ग और महिलाओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में उनकी उपस्थिति से छत्तीसगढ़ की जनहितकारी योजनाओं और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को उच्च सदन तक पहुंचाने की परंपरा भाजपा में ही देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी वर्मा ने संगठन और समाज, विशेषकर महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि वर्मा का चयन नारी शक्ति के बढ़ते कदमों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में वह छत्तीसगढ़ की आवाज को मजबूती से रखेंगी।

इस अवसर पर लक्ष्मी वर्मा ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सदन में वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि एक महिला प्रतिनिधि के रूप में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रियता से काम करेंगी।

नामांकन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, टंकराम वर्मा, दयालदास बघेल, लक्ष्मी रजवाड़े, श्यामबिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव, राजेश अग्रवाल सहित भाजपा के कई सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS