Explore

Search

February 24, 2026 2:24 pm

सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर कोटा सबडिवीजन में अपराध रोकथाम को लेकर पुलिस और व्यापारियो की समन्वय बैठक

“एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने कारोबारियों से की अपील किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना बिना देरी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके”

बिलासपुर।सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने निवारक कदम तेज कर दिए हैं। संभावित लूट और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से कोटा सबडिवीजन में पुलिस व सराफा व्यापारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।

उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आईपीएस रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह के निर्देश पर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सराफा व्यापारियों के साथ सुरक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत थाना रतनपुर, कोटा, तखतपुर एवं बेलगहना ,केंदा में पृथक-पृथक बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में थाना प्रभारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना बिना देरी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

सुरक्षा पर रहा जोर

बैठक में दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस ने सभी सराफा दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा, सायरन अलार्म सिस्टम तथा अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने की सलाह दी। इसके अलावा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने और उनके लिए सुरक्षा प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है तथा चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुदृढ़ की जाएगी। साथ ही सभी दुकानों में थाना प्रभारी एवं बीट अधिकारियों के संपर्क नंबर चस्पा किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित संपर्क संभव हो सके।

व्यापारियों से सहयोग की अपील

बैठक में ग्राहकों की पहचान दर्ज करने, संदिग्ध अवस्था में आए व्यक्तियों पर नजर रखने तथा बिना मास्क या नकाब के ही दुकान में प्रवेश देने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

थाना रतनपुर क्षेत्र में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय उपस्थित रहे। इसी प्रकार थाना कोटा क्षेत्र में आयोजित सुरक्षा बैठक में थाना प्रभारी नरेश चौहान ने सराफा व्यापारियों से संवाद किया और आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए।

वहीं केंदा पुलिस चौकी क्षेत्र में आयोजित बैठक में चौकी प्रभारी अशोक मिश्रा की मौजूदगी में व्यापारियों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। बेलगहना पुलिस चौकी क्षेत्र में आयोजित बैठक चौकी प्रभारी हेमंत सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई।

एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS