Explore

Search

February 20, 2026 9:37 pm

शादी में शामिल होने आए किसान की नाले में मिली लाश, गांव में फैली सनसनी

बिलासपुर। रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने आए एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार जिले के ग्राम हंसवा निवासी प्यारेलाल यादव (50 वर्ष) खेती-किसानी करते थे। तीन दिन पहले वे अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने बिलासपुर जिले के गोडाडीह गांव आए हुए थे। यहां उनके रिश्तेदार गंगादीन यादव के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। घर में लगातार मेहमानों की आवाजाही और शादी की तैयारियों का माहौल बना हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात प्यारेलाल घर से बाहर निकले थे। उस समय घर में शादी की रस्में चल रही थीं और मेहमानों की भीड़ भी काफी थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने के बावजूद परिवार के लोगों को लगा कि वे गांव में किसी परिचित के पास चले गए होंगे या आसपास ही होंगे। शादी के माहौल और भीड़-भाड़ के कारण किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार की सुबह गांव के कुछ लोग रोज की तरह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित नाले में एक व्यक्ति की लाश दिखाई दी। यह खबर तेजी से गांव में फैल गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना गंगादीन यादव के परिवार को दी गई। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव की पहचान प्यारेलाल यादव के रूप में की। यह देखकर परिजन और गांव वाले स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद शादी वाले घर का माहौल मातम में बदल गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS