
“एसएसपी पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा”
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली आईपीएस भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली पुलिस ने मोनिका ज्वेलर्स में हुई सोने के पेंडल की चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलानी चौक निवासी सतीश कुमार सोनी ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे एक युवक सोने का पेंडल खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल चोरी कर फरार हो गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, शत-प्रतिशत बरामदगी और कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों श्लोक पात्रे एवं विवेक पात्रे निवासी घोरबंधा थाना लोरमी को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से 09.05 ग्राम सोने का पेंडल कीमत लगभग 85 हजार एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों आरोपियों को 16 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक


