Explore

Search

February 15, 2026 5:50 pm

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर वीआईपी सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर पुलिस जवानों को दिए गए विशेष निर्देश

वीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं

रायपुर, 15 फरवरी 2026।पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन तथा डिप्टी पुलिस कमिश्नर यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस लाइन रायपुर स्थित परेड ग्राउंड में वीआईपी एवं वीवीआईपी सुरक्षा एस्कॉर्ट में तैनात पुलिस बल एवं वाहन चालकों के लिए दिशा-निर्देशात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर यातायात एवं प्रोटोकॉल दौलतराम पोर्ते एवं सहायक पुलिस कमिश्नर लाइन नीलेश द्विवेदी द्वारा जवानों एवं वाहन चालकों को वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों के रखरखाव तथा मूवमेंट के दौरान यातायात नियमों के पालन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस दौरान जवानों को ड्यूटी के समय बेहतर टर्नआउट, शस्त्रों की सुरक्षा, वाहनों के समुचित रखरखाव तथा वीआईपी सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि ट्रैफिक सिग्नल का पूर्ण रूप से पालन किया जाए तथा रेड सिग्नल पर अनिवार्य रूप से वाहन रोके जाएं। साथ ही ज़ेब्रा क्रॉसिंग से पहले वाहन खड़ा करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अस्पताल, न्यायालय एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सायरन या हार्न का उपयोग न किया जाए। इसके अलावा वीआईपी मूवमेंट के दौरान अनावश्यक सायरन बजाने से परहेज करने को कहा गया, क्योंकि तेज सायरन से आम नागरिकों को असुविधा होती है। यह भी निर्देशित किया गया कि मूवमेंट के दौरान वाहन के दरवाजे से हाथ, केन या लाठी बाहर निकालकर संकेत न दिए जाएं, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

सभी जवानों एवं वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि वीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा यातायात नियमों, सिग्नलों और संकेतकों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। विभाग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की गई।कार्यक्रम में वीआईपी सुरक्षा में तैनात कुल 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं 30 वाहन चालक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS