Explore

Search

February 14, 2026 2:41 pm

नौकरी का झांसा देकर छह युवतियों को बनाया बंधक, मोबाइल छीने, धोखाधड़ी का केस दर्ज

बिलासपुर। दूरस्थ अंचलों की युवतियों को सरकारी नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर शहर बुलाने वाले एक मार्केटिंग समूह का पर्दाफाश हुआ है। सिरगिट्टी क्षेत्र में संचालित कंपनी से पुलिस ने छह युवतियों को मुक्त कराया है। आरोप है कि ट्रेनिंग के नाम पर प्रत्येक युवती से 19,500 रुपये वसूले गए और बाद में उन्हें सामान बेचने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर मोबाइल छीनकर दबाव बनाया गया।


कोरबा जिले के पसान क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारीसानी निवासी कमला श्याम (42) ने बताया कि उनकी बेटी शशि श्याम नौकरी की तलाश में बिलासपुर आई थी। बुधवार को शशि ने रोते हुए फोन कर बताया कि कंपनी वालों ने उसका मोबाइल छीन लिया है और बाहर जाने नहीं दे रहे। सूचना मिलते ही कमला अपने दामाद के साथ शहर पहुंचीं और सिरगिट्टी क्षेत्र में बेटी की तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह शशि ने किसी तरह मोबाइल लेकर अपना लोकेशन भेजा। इसके बाद परिजन सिरगिट्टी थाने पहुंचे और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शशि समेत अन्य युवतियों को मुक्त कराया। थाने में पूछताछ के दौरान युवतियों ने बताया कि उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग जिलों से बुलाया गया था। ट्रेनिंग के नाम पर राशि लेने के बाद कुछ उत्पाद थमाकर मार्केटिंग करने कहा गया और हर बिक्री पर कमीशन का आश्वासन दिया गया। जब युवतियों ने नौकरी और वेतन के बारे में सवाल उठाया तो उनका मोबाइल छीन लिया गया और दबाव बनाया गया। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आकर्षक विज्ञापन से लुभाते हैं युवाओं को
सिरगिट्टी क्षेत्र में ऐसी कई मार्केटिंग कंपनियां संचालित होने की शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं। आकर्षक वेतन, बोनस और कमीशन का लालच देकर दूरस्थ इलाकों के युवक-युवतियों को बुलाया जाता है। नौकरी की मांग करने पर ट्रेनिंग खर्च का हवाला देकर दबाव बनाया जाता है। बीते वर्ष मध्यप्रदेश के अनुपपुर निवासी एक युवती ने वेतन नहीं मिलने और मारपीट की शिकायत की थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पुलिस ने इस बार सख्ती से जांच का भरोसा दिलाया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS