Explore

Search

February 14, 2026 2:41 pm

रुपये दोगुनी करने का झांसा देकर छह लाख की ठगी, विरोध करने पर दी धमकियां

बिलासपुर। ट्रेडिंग के नाम पर रुपये दोगुनी करने का झांसा देकर एक महिला और उसके साथी ने जांजगीर निवासी युवक से छह लाख रुपये की ठगी कर ली। मुनाफा नहीं मिलने और रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पहले बहानेबाजी की, फिर धमकियां देकर रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार जांजगीर के केरा रोड निवासी अनिल कुमार पाण्डेय (48) ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जांजगीर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात कवर्धा निवासी झमिया यादव से हुई थी। महिला ने उनका परिचय कवर्धा के लाखाटोना निवासी चेतन पटेल से कराया। दोनों ने खुद को फोरेक्स ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा बताते हुए मार्केट में निवेश कर रकम एक साल में दोगुनी करने का दावा किया। साथ ही हर माह 50 हजार रुपये मुनाफा दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि महिला ने छह अगस्त को बिलासपुर के मैग्नेटो माल में मिलने बुलाया। वहां अनिल अपने मित्रों के साथ पहुंचे और महिला को एक लाख 50 हजार रुपये नकद दिए, जबकि 70 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर किए। इसके बाद सात अगस्त से 16 अक्टूबर के बीच सात किश्तों में चार लाख 55 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल छह लाख 75 हजार रुपये आरोपियों को दिए गए। कुछ समय बाद आरोपियों ने केवल 23 हजार रुपये ही वापस किए। नवंबर माह में जब पीड़ित ने शेष राशि की मांग की तो महिला ने अधिक लेनदेन के कारण बैंक खाता बंद होने का बहाना बनाया। बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। एक बार बातचीत होने पर महिला ने धमकी देते हुए रकम लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। साथ हुई ठगी से परेशान पीड़ित ने अंततः सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS