Explore

Search

February 11, 2026 12:22 am

रायपुर मंडल में रेल सुरक्षा सुदृढ़ करने की दिशा में पहल

सिग्नल एवं टेलीकॉम मेंटेनर्स को आधुनिक संरक्षा टूल किट वितरित

रायपुर, 10 फरवरी 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद द्वारा रायपुर रेलवे स्टेशन पर सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग के इलेक्ट्रिक सिग्नल मेंटेनर्स एवं सिग्नल स्टाफ को विशेष संरक्षा टूल बैग सहित आधुनिक टूल किट वितरित की गईं।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर रवि शंकर गोयल मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर आकाश कुमार सहित विभाग के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेलवे की सिग्नल प्रणाली ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन की आधारशिला मानी जाती है। इन प्रणालियों के रखरखाव से जुड़े कर्मचारी फील्ड में कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में आधुनिक एवं मानकीकृत टूल किट उपलब्ध होने से उन्हें सभी आवश्यक उपकरण एक ही बैग में प्राप्त होंगे, जिससे रखरखाव कार्य अधिक सुरक्षित, सटीक और समयबद्ध ढंग से किया जा सकेगा।

यह विशेष टूल किट फ्रंटलाइन मेंटेनेंस स्टाफ की कार्यक्षमता बढ़ाने, अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन RDSO के सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के अनुपालन को सुनिश्चित करने तथा ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग एवं पूरे मंडल में कवच प्रणाली के प्रभावी कार्यान्वयन को समर्थन देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

टूल किट की प्रमुख विशेषताएं

इन ऑल-इन-वन टूल किट्स में 20 से अधिक आधुनिक उपकरण शामिल हैं, जिनमें डिजिटल मल्टीमीटर व क्लैंप मीटर, अर्थ टेस्टर, केबल फॉल्ट लोकेटर, SMMS अपडेशन हेतु सैमसंग टैबलेट, विभिन्न मैकेनिकल एवं मेंटेनेंस टूल्स, MSDAC मेंटेनेंस किट, EI टूल किट तथा पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट PPE शामिल हैं।

आधुनिक डिजिटल उपकरणों की सहायता से तकनीकी खराबियों की पहचान एवं मरम्मत कम समय में संभव होगी, जिससे मीन टाइम टू रिपेयर (MTTR) में कमी आएगी। टैबलेट के माध्यम से Signaling Maintenance Management System पर रियल-टाइम डेटा अपडेशन से कागजी कार्यवाही भी घटेगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इन मानकीकृत टूल किट्स से ऑपरेशनल एफिशिएंसी, सुरक्षा तथा सिग्नल सिस्टम की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके परिणामस्वरूप ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और भरोसेमंद बनेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS