एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गैरेज संचालकों की बैठक, तीन वाहन जब्त

मॉडिफाई साइलेंसर व हैवी हार्न पर रायगढ़ पुलिस का सख्त अभियान,पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई ?कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति से कोई समझौता नहीं
रायगढ़, 10 फरवरी।ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर एवं हैवी हार्न के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलेभर में व्यापक अभियान शुरू किया है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी मयंक मिश्रा एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह द्वारा विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
इस दौरान आईजी रेंज बिलासपुर आईपीएस रामगोपाल गर्ग द्वारा लॉन्च किए गए सशक्त ऐप को भी अभियान से जोड़ा गया है। यह ऐप चोरी वाहनों की पहचान के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी साधन के रूप में उपयोग किया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा गैरेज संचालकों को इस ऐप के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि चोरी के वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सीएसपी मयंक मिश्रा ने पुलिस कार्यालय में जिले के गैरेज संचालकों की बैठक ली। बैठक में गैरेज संचालकों के मोबाइल में सशक्त ऐप इंस्टॉल कराया गया और इसके माध्यम से चोरी वाहनों की पहचान करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। सीएसपी ने बताया कि चोरी वाहन की सूचना देने वाले पुलिस मित्रों को रायगढ़ पुलिस द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

सीएसपी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र मॉडिफाई साइलेंसर से विद्यार्थियों बुजुर्गों और आम नागरिकों को हो रही परेशानी पर चिंता जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी गैरेज में मॉडिफाई साइलेंसर नहीं लगाया जाएगा। यदि किसी वाहन चालक द्वारा यह बताया जाता है कि साइलेंसर किसी विशेष गैरेज में लगाया गया है तो संबंधित संचालक पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चारपहिया वाहनों में मानक अनुरूप नंबर प्लेट नहीं पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस टीम ऑनलाइन माध्यमों से हो रही मॉडिफाई साइलेंसर की खरीद-बिक्री पर भी नजर

सीएसपी मिश्रा ने आम नागरिकों से अपील की है कि मॉडिफाई साइलेंसर या हैवी हार्न लगे वाहनों की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। यदि संभव हो तो वाहन की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने का भी आग्रह किया गया है।
अभियान के पहले ही दिन सघन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने तीन दुपहिया वाहनों को मॉडिफाई साइलेंसर के साथ पकड़ा। वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर समझाइश दी गई और चालानी कार्रवाई की गई।
क्या कहा सीएसपी मयंक मिश्रा ने
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि मॉडिफाई साइलेंसर एवं हैवी हार्न लगे वाहन चालक स्वयं तत्काल ऐसे उपकरण हटवा लें। पुलिस चेकिंग में पकड़े जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रधान संपादक


