Explore

Search

February 10, 2026 3:02 pm

तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को मारी टक्कर, पांच युवक गंभीर, नाबालिग चला रहा था कार

बिलासपुर। तिफरा स्थित डीपीएस स्कूल के सामने शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार के चालक ने दो बाइक में सवार पांच युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे। दुर्घटना में सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।



सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब एक बजे तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार शहर से रायपुर रोड की ओर जा रही थी। कार काफी तेज गति में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रही दो बाइकों से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में सिरगिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार को एक नाबालिग चला रहा था। दुर्घटना के बाद कार से उतरकर भागते हुए नाबालिग का किसी व्यक्ति ने वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने उक्त वीडियो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। साथ ही वाहन मालिक की पहचान कर उससे पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग को वाहन किसने सौंपा था और क्या उसे अवैध रूप से कार चलाने दी गई थी। यदि लापरवाही पाई जाती है तो वाहन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


नाबालिग चला रहे कार, रात होते ही सड़क पर बढ़ा खतरा
घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अस्पतालों से मेडिकल रिपोर्ट मंगाई है, जिसके आधार पर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता होती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS