Explore

Search

February 20, 2026 9:49 am

खाई में गिरी कार, युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, दो गंभीर घायल

बिलासपुर। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और तीन बार पलट गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात बालको में आयोजित एक परिचित की शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से रवाना हुए थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक एक अन्य युवक मौजूद थे। चारों लोग गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर रास्ता स्पष्ट नहीं होने के कारण कार चालक को भ्रम हो गया। कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और तीन बार पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। बताया गया कि हादसे के बाद पीछे से आ रहे परिचित और साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बिना घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते चालक को रास्ता समझने में दिक्कत हुई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS