बीजापुर। जिले के थाना तर्रेम क्षेत्र अंतर्गत जंगल पहाड़ी इलाके में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दक्षिण बस्तर डिवीजन का डीवीसीएम उधम सिंह मारा गया। मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 राइफल, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया है। उधम सिंह पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाना तर्रेम के जंगल क्षेत्र में दक्षिण बस्तर डिवीजन के डीवीसीएम उधम सिंह एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान 5 फरवरी की सुबह करीब सात बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। सर्च के दौरान मुठभेड़ स्थल से उधम सिंह का शव बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक नग AK-47 राइफल दो मैग्जीन, 28 राउंड कार्डेक्स वायर वायरलेस सेट मोबाइल फोन पिट्ठू टिफिन बैग सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में मारे गए माओवादी की पहचान डीवीसीएम उधम सिंह, इंचार्ज प्लाटून नंबर-13, दक्षिण बस्तर डिवीजन के रूप में हुई है। वह थाना बासागुड़ा क्षेत्र के कोत्तागुड़ा का निवासी था और वर्ष 2002-03 में संगठन से जुड़ा था। बीते वर्षों में वह छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहा तथा पिछले तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में कार्यरत था। उसके विरुद्ध बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार उधम सिंह वर्ष 2023 में थाना तर्रेम क्षेत्र के गुण्डम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमले, वर्ष 2024 में थाना बासागुड़ा क्षेत्र के पुतकेल-चिपुरभट्टी जंगल में हुई मुठभेड़ तथा जिड़पल्ली कैंप पर हमले जैसी बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है।
इस मुठभेड़ एवं जिले में संचालित नक्सल विरोधी अभियानों की जानकारी बुधवार को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी उप महानिरीक्षक ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों द्वारा साझा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान 163 माओवादी मारे गए, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक जिले में चलाए गए अभियानों में कुल 232 माओवादी मारे गए, 1163 माओवादी गिरफ्तार किए गए तथा 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति, जनसुरक्षा और विकास को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल पूरी सतर्कता और संयम के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा का मार्ग अपनाने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी जबकि मुख्यधारा में लौटने के इच्छुक लोगों को शासन की पुनर्वास नीति के अंतर्गत सहयोग प्रदान किया जाएगा।
प्रधान संपादक


