Explore

Search

February 5, 2026 2:58 pm

पति-पत्नी की मिली थी लाश, चार महीने बाद पति के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मामला

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरबाभांवर में चार महीने पहले खेत में मिले पति-पत्नी के शव के मामले में पुलिस ने अब हत्या का अपराध दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्नी की मौत गला घोंटने से होना पाए जाने के बाद पुलिस ने मृतक पति के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।



खेत में संदिग्ध हालत में मिले थे दोनों शव

घटना एक अक्टूबर 2025 की सुबह की है। ग्राम कोरबाभांवर निवासी अमित इंदुवा (30) और उसकी पत्नी अंजू इंदुवा (28) की लाश गांव के खेत में मिली थी। मौके पर अमित का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि अंजू का शव खेत की मेढ़ पर जमीन पर पड़ा था। दोनों की मौत से गांव में सनसनी फैल गई थी।

नवरात्र मेला देखने गए थे महामाया मंदिर

पुलिस जांच में सामने आया कि अमित रोजी-मजदूरी का काम करता था। 30 सितंबर की रात वह अपनी पत्नी अंजू को लेकर नवरात्र मेला देखने रतनपुर स्थित महामाया मंदिर गया था। मंदिर से लौटने के बाद दोनों खेत की रखवाली के लिए चले गए थे। पति-पत्नी अक्सर रात खेत में बिताने के बाद सुबह होने से पहले घर लौट आते थे।

सुबह नहीं लौटे, नौ बजे मिली सूचना

एक अक्टूबर की सुबह जब स्वजन जागे तो दोनों खेत से वापस नहीं आए थे। सुबह करीब नौ बजे गांव के ही एक युवक ने अमित के पिता को सूचना दी कि उनकी बहू का शव खेत में पड़ा है और बेटा पास ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।

शराब को लेकर होता था विवाद

घटना की सूचना पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पूछताछ में स्वजन ने पुलिस को बताया कि अमित आए दिन शराब पीता था। शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। स्वजनों ने आशंका जताई थी कि विवाद के बाद अमित ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।

पीएम रिपोर्ट से खुला राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की दिशा साफ हो गई। पीएम रिपोर्ट में अंजू इंदुवा की मौत गला घोंटने से होना पाया गया, जबकि अमित की मौत फांसी से हुई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना है।

मृतक पति के खिलाफ दर्ज हुआ अपराध

चार महीने की जांच के बाद अब रतनपुर पुलिस ने मृतक अमित इंदुवा के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। चूंकि आरोपी की पहले ही मौत हो चुकी है, इसलिए आगे की जांच औपचारिक प्रक्रिया के तहत पूरी की जाएगी और प्रकरण खात्मे में डाला जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS