Explore

Search

March 5, 2026 10:51 pm

शर्ट-पैंट के अंदर पहना था महिलाओं का अंत:वस्त्र, चेहरे पर मेकअप, जंगल में मिली युवक की लाश

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमाली में रहने वाले एक युवक की जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय पुन्नी राम सौता के रूप में हुई है। युवक का शव जंगल में मिला, जिसकी स्थिति और पहनावे ने पुलिस जांच को और जटिल बना दिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी मिल सकेगी।


कोटा थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि पुन्नी राम सौता ग्राम अमाली का रहने वाला था और गांव के ही सावन यादव के घर पर रहकर मवेशी चराने का काम करता था। वह रोज की तरह एक जनवरी की सुबह मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर निकला था। शाम होने पर वह आमतौर पर मवेशियों को जंगल में बने बाड़े में बंद कर गांव लौट आता था, लेकिन उस दिन वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक उसके नहीं आने पर सावन यादव ने जंगल की ओर जाकर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दूसरे दिन सुबह फिर से जंगल में खोजबीन की गई। देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चलने पर कोटा थाने में इसकी सूचना दी गई। शनिवार की शाम जंगल में युवक की लाश मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद सावन यादव ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक ने शर्ट-पैंट के अंदर महिलाओं का अंत:वस्त्र पहन रखा था। इसके अलावा उसके चेहरे पर महिलाओं की तरह मेकअप भी किया हुआ था। शव काफी देर होने के कारण नीला पड़ चुका था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी संघर्ष या बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि युवक कभी-कभी शराब का सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि जंगल में किसी जहरीले जंतु के काटने से उसकी मौत हो सकती है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों और गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS