Explore

Search

December 7, 2025 11:38 pm

10 दिन पहले हुई विवाहिता की मौत, पुलिस ने कब्र खोदकर कराया पीएम

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम बुंदेला में रहने वाली विवाहिता की 10 दिन पहले घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने उसके मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मायके वालों की मौजूदगी में महिला का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटी के अंतिम संस्कार के बाद मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने एसडीएम की अनुमति से कब्र खोदकर शव कब्जे में लिया है। रविवार को शव का पीएम कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट से महिला की मौत का कारण स्पष्ट होगा।


चकरभाठा के बुंदेला में रहने वाली जया सांडे(23) गृहणी थीं। उसने पांच साल पहले गांव में ही रहने वाले अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों साथ में रह रहे थे। दस दिन पहले 27 नवंबर को वह घर का काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई। उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह घर पर आराम कर रही थी। कुछ देर बाद घर के लोगों ने देखा की जया की मौत हो गई है। उन्होंने तत्काल गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही उसके मायके वालों को इस संबंध में बताया। मायके वालों ने गांव आकर पहले हंगामा करते हुए जया के मायके वालों पर आरोप लगाए। तब गांव के लोगों ने उन्हें पूरे मामले की शिकायत पुलिस करने की समझाइश दी। तब मायके वालों ने अंतिम संस्कार करने दिया। इसके बाद मायके वालों ने बेटी के मौत पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की जांच के लिए आवेदन किया। उनके आवेदन पर पुलिस ने एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी से अनुमति लेकर महिला का कब्र खुदवाया। इस दौरान तहसीलदार संदीप साय और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिम्स भेज दिया। रविवार को शव का पीएम कराया जाएगा। इसकी रिपोर्ट से महिला की मौत का कारण स्पष्ट होगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS