Explore

Search

January 20, 2026 12:33 am

सुकमा में 48 लाख ईनामी 15 सक्रिय माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा, 24 नवम्बर 2025।जिला सुकमा में माओवादियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में आज 48 लाख रुपये के कुल ईनामी 15 सक्रिय माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने जानकारी देते हुए बताया कि आत्मसमर्पित माओवादियों में पीएलजीए बटालियन नंबर-01 में सक्रिय चार हार्डकोर माओवादी भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में पीपीसीएम–04, एसीएम–02, पार्टी सदस्य–03 तथा अग्र संगठन के 08 सदस्य सम्मिलित हैं। इनमें 05 महिला और 10 पुरुष माओवादी शामिल हैं। आत्मसमर्पित माओवादियों पर घोषित इनामी राशि में 04 माओवादियों पर 08-08 लाख, 02 पर 05-05 लाख, 01 पर 03 लाख, 01 पर 02 लाख तथा 01 पर 01 लाख रुपये घोषित थे, जिनकी कुल राशि 47 लाख रुपये है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईपीएस सुन्दरराज पट्टलिंगम ने बताया कि राज्य सरकार बस्तर के प्रत्येक क्षेत्र में समावेशी विकास, स्थायी शांति और वास्तविक परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, आजीविका कार्यक्रमों और संचार व्यवस्थाओं में हो रहे तेज सुधार से वे क्षेत्र तेजी से बदल रहे हैं, जहाँ वर्षों तक माओवादी गतिविधियों के चलते मूलभूत सेवाएँ नहीं पहुँच सकी थीं। इसके परिणामस्वरूप स्थानीय समुदायों में भय और अलगाव की जगह अब आत्मविश्वास, आशा और शांति की आकांक्षा बढ़ रही है।

आईजी सुंदरराज पी ने सभी बचे हुए माओवादी कैडरों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में लौटें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हर आत्मसमर्पित माओवादी को सुरक्षा, सम्मानजनक जीवन और पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जो भी व्यक्ति ईमानदारी से समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहता है, उसके लिए यह मार्ग हमेशा खुला रहेगा।

सुकमा जिले में आज हुए सामूहिक आत्मसमर्पण को सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS