Explore

Search

October 27, 2026 3:23 am

हॉकफोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद ,कनघुर्रा के जंगल में नक्सल मुठभेड़

छत्तीसगढ़ ।राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ पुलिस अनुविभाग के बोरतलाव क्षेत्र अंतर्गत कनघुर्रा के घने जंगल में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के हॉकफोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गए। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की ओर से की गई गोलीबारी में उन्हें पैर और पेट में गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के तुरंत बाद घायल इंस्पेक्टर को बोरतलाव लाया गया, जहां मौजूद चिकित्सा टीम ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, किंतु गंभीर स्थिति के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश की हॉकफोर्स, महाराष्ट्र की C-16 कंपनी, राजनांदगांव जिला बल, खैरागढ़ पुलिस तथा ITBP कोबरा कमांडो की संयुक्त टीम को कनघुर्रा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने बुधवार सुबह सर्च अभियान शुरू किया, इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग कर दी।

फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए इंस्पेक्टर आशीष शर्मा मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के निवासी थे। उल्लेखनीय है कि वे अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दो बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित हो चुके थे।

शहीद इंस्पेक्टर की शहादत से सुरक्षा बलों में शोक व्याप्त है। प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में सर्च अभियान को और मजबूत कर दिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS