Explore

Search

October 24, 2026 11:07 pm

बिड़ला पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरकर श्रमिक की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के मोपका बाइपास स्थित बिड़ला पब्लिक स्कूल में निर्माण कार्य के दौरान तीसरी मंजिल से गिरने पर श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद भी स्कूल प्रबंधन की ओर से न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही जांच में सहयोग किया गया। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले स्कूल की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। शिवरीनारायण निवासी 35 वर्षीय श्रमिक रामकुमार यादव भी कार्य में लगा था। काम के दौरान वह ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने उसे अस्पताल भेजा, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी देना जरूरी नहीं समझा। सिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से स्कूल में काम बंद करा दिया गया है, जिसके चलते मृतक के साथियों के बयान दर्ज नहीं हो पाए। इधर परिजन शव लेकर गांव चले गए हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बताया जाता है कि स्कूल प्रबंधन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। पटना के संबंध में जानकारी लेने पर प्रबंधन ने न केवल इस तरह की घटना से इनकार किया बल्कि यह भी कहा कि स्कूल में कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। वहीं पुलिस को भी जांच में आवश्यक सहयोग नहीं मिल रहा है। घटना में सुरक्षा संसाधनों की भारी कमी सामने आई है। बताया जाता है कि श्रमिक बिना सुरक्षा बेल्ट और जरूरी साधनों के ऊंचाई पर काम कर रहा था। हादसे के बाद भी उसे नजदीकी अपोलो अस्पताल ले जाने की बजाय सीधे सिम्स पहुंचाया गया, जिससे उपचार मिलने में देर हुई। गंभीर रूप से घायल श्रमिक की जान नहीं बच पाई। स्वजन और साथी श्रमिकों का आरोप है कि काम के दौरान और हादसे के बाद बरती गई लापरवाही ही रामकुमार की मौत का कारण बनी। वहीं पुलिस अब प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS