Explore

Search

April 26, 2026 9:43 am

रास्ते के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़गन में रास्ते को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने युवक की लाठी, सब्बल और पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के समय युवक की भाभी मौके पर मौजूद थी, जिसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

बिल्हा थाना प्रभारी उमेश साहू के मुताबिक, ग्राम उड़गन निवासी नरेंद्र बंजारे (27) पेशे से किसान थे। उनके पड़ोसी श्याम अंचल ने अपने घर के सामने मिट्टी और पत्थर डालकर रास्ते को ऊंचा कर लिया था, जिससे नरेंद्र और उनके परिवार को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। रविवार सुबह नरेंद्र ने वहां से कुछ पत्थर हटा दिए, जिससे श्याम अंचल नाराज हो गया।

पत्थर हटाने की बात पर पहले श्याम और नरेंद्र के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। तभी श्याम के बेटे लक्ष्मण अंचल (29) ने अपने पिता के हाथ से डंडा छीनकर नरेंद्र पर हमला कर दिया। इसके बाद श्याम अंचल (55) ने सब्बल उठाकर नरेंद्र पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
नरेंद्र पर हमले के दौरान श्याम का दूसरा बेटा मुकेश अंचल (26) भी वहां पहुंच गया। उसने मौके पर पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और नरेंद्र के सिर पर पटक दिया। इतने गंभीर हमलों के कारण नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद श्याम की पत्नी सीताबाई (50) अपने पति और बेटों को लेकर घर के अंदर चली गई।
घटना के समय नरेंद्र की भाभी मेनका बंजारे भी वहां मौजूद थीं। उन्होंने तत्काल गांववालों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने श्याम अंचल, लक्ष्मण अंचल, मुकेश अंचल और सीताबाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS