अंतर विद्यापीठ खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाया संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता
CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘अंतर विद्यापीठ खेल महोत्सव-2026’ के तहत योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन स्थित योग हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यापीठों के विद्यार्थियों ने कठिन योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और मानसिक एकाग्रता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने फॉरवर्ड बेंडिंग, बैकवर्ड बेंडिंग, ट्विस्टिंग, लेग बैलेंस और हैंड बैलेंस जैसी विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन स्थिरता, लचीलापन, दक्षता और कठिनाई के स्तर के आधार पर किया। कठिन आसनों के प्रदर्शन के कारण प्रतियोगिता काफी चुनौतीपूर्ण रही।
षडानन दुआन प्रथम, आनंद साहू द्वितीय
विभिन्न योग आसनों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विद्यापीठ के षडानन दुआन ने प्रथम स्थान हासिल किया। आनंद साहू ने द्वितीय और भाषा प्रौद्योगिकी विद्यापीठ के दिवाकर कुमार साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कृति विद्यापीठ के नील कमल को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी ने की निर्णायक की भूमिका
प्रतियोगिता में वर्धा के जाने-माने योग प्रशिक्षक एवं स्ट्रक्चरल और आर्टिस्टिक योग के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण खवसी ने मुख्य रेफरी की भूमिका निभाई। उनके अनुभव और तकनीकी दक्षता का लाभ प्रतियोगिता को मिला। उनके सूक्ष्म एवं पारदर्शी मूल्यांकन से प्रतियोगिता का स्तर और अधिक प्रभावी रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति और खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. राम अवध रहे। शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई। वहीं खेल विभाग के कर्मचारी सचिन नाखले और भूषण सालवे ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में सहयोग किया।
योग प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और संतुलित जीवनशैली का महत्व समझने का अवसर मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता को बढ़ावा दिया।
प्रधान संपादक




