Explore

Search

September 18, 2026 7:42 pm

20वें रोजगार मेले में पीएम मोदी कल युवाओं से होंगे रूबरू, रायपुर में 125 अभ्यर्थियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

CBN36 रायपुर, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 20वें रोजगार मेले के माध्यम से देशभर के नव नियुक्त युवाओं से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले से जुड़ेंगे। इस अवसर पर देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रधानमंत्री चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित भी करेंगे।

रायपुर में रोजगार मेले का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, साइंस कॉलेज परिसर, जीई रोड में किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।

रायपुर में 125 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रायपुर के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से 125 अभ्यर्थी प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे। इनमें आयकर विभाग, डाक विभाग, रेलवे, सर्वे ऑफ इंडिया, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और एम्स रायपुर से संबंधित नव नियुक्त अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा इन्हीं विभागों से करीब 90 अन्य अभ्यर्थी भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

मुख्य अतिथि तोखन साहू मंच से करीब 25 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इसके बाद अन्य अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के गायन से होगी। इसके बाद स्वागत संबोधन एवं मुख्य अतिथि का संबोधन होगा। दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। रोजगार मेले पर लघु फिल्म के प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री रिमोट बटन के माध्यम से रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे और नव नियुक्त युवाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद तोखन साहू चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

देशभर में 45 स्थानों पर आयोजन

20वें रोजगार मेले का आयोजन देशभर में 45 स्थानों पर किया जा रहा है। इसके तहत राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, रक्षा मंत्रालय समेत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

20वें रोजगार मेले के साथ विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में करीब 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके होंगे। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए मंच प्रदान किया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS