Explore

Search

September 18, 2026 7:42 pm

राशन दुकानों में चोरी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, गोदाम में रखा था चोरी का चावल-शक्कर

CBN36 मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पथरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के गोदाम से पूर्व में चोरी का चावल और शक्कर बरामद किया गया था। पुलिस ने आरोपी आयुष साहू (29) निवासी अशोक विहार फेस-2, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 305(ई), 331(4), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। ग्राम बेलखुरी, कलारजेवरा और सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेंद्र निषाद, बंटी उर्फ रवि पाहुजा, शत्रुहन बघेल, नैतिक नागदेव, विजय कुमार उर्फ पिंटू, नरेंद्र सिंह और सार्जन जोशी शामिल हैं। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी का चावल, शक्कर, नगदी रकम और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई थी। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

चोरी का माल गोदाम में रखने का आरोप

फरार आरोपी आयुष साहू की तलाश के दौरान पुलिस ने उसे 18 सितंबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि बिलासपुर के गोडपारा खोवा मंडी के पास उसकी अनाज की दुकान और गोदाम है, जहां वह चावल, गेहूं, शक्कर और दाल की खरीदी-बिक्री करता है।

पुलिस के मुताबिक, करीब दो माह पहले बंटी उर्फ रवि पाहुजा ने आयुष साहू को बताया था कि कुछ युवक चावल बिक्री के लिए लाने वाले हैं और उसे अपने गोदाम में रखवा लेना। इसके कुछ दिन बाद बंटी उर्फ रवि पाहुजा दो-तीन अन्य लोगों और पिकअप चालक के साथ चावल व शक्कर लेकर आयुष की दुकान पहुंचा। चोरी की बोरियां उसके गोदाम में रखवाई गई थीं। पुलिस ने बाद में इसी गोदाम से चोरी का माल बरामद किया था।

पूछताछ और विवेचना में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आयुष साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह और एसडीओपी मुंगेली आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक पवन देवांगन और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS