CBN36 बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में शुक्रवार को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2026 का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। मुख्य प्रशासनिक भवन स्थित आगंतुक कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रम संघ प्रतिनिधियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना (अति. प्र.) नृपेंद्र नाथ समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी और श्रम संघ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता के प्रति सजग रहने, हर वर्ष 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की शपथ ली।
भारत सरकार के निर्देशानुसार अभियान के तहत एसईसीएल में विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ कार्यस्थल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।
एसईसीएल परिवार ने स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और दैनिक जीवन के साथ-साथ कार्यसंस्कृति में भी इसे प्रभावी रूप से अपनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
प्रधान संपादक




