1,204 क्विंटल से अधिक चावल समेत 31.75 लाख के खाद्यान्न की कमी का मामला, तीन आरोपी अब भी पुलिस की रडार पर
CBN36 रायगढ़, 17 सितंबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया है। गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी के मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं अब इस मामले में दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहीन खान की तलाश तेज कर दी गई है।
धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकानों की खाद्य विभाग की जांच में कुल 1,204.58 क्विंटल चावल समेत बड़ी मात्रा में शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी। दोनों दुकानों में कुल करीब 31.75 लाख रुपये के खाद्यान्न का हिसाब नहीं मिला। इसके बाद चौकी रैरूमाखुर्द में दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
ई-पॉस में फिंगर लगवाया, फिर भी राशन नहीं मिला
ससकोबा की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की 3 सितंबर को हुई जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। जांच में अगस्त माह के दौरान हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद राशन का वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई।
इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया। पुलिस उमाबाई और माधुरी को पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज चुकी है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अब भी फरार है।
गनपतपुर में 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी
गनपतपुर की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी मिली। इसकी कुल कीमत करीब 18.86 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहीन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026, धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
अस्पताल में भर्ती होने की सूचना, गांव में दिखा तो पुलिस ने दबोचा
पुलिस को जानकारी मिली थी कि शाहनवाज सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। इसी बीच उसके गांव में देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपी अभी भी फरार
शाहनवाज की गिरफ्तारी के बाद भी दोनों मामलों में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। इनमें ससकोबा दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहीन खान शामिल हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
प्रधान संपादक




