
फास्टरपुर और पथरिया क्षेत्र में चला जागरूकता अभियान, ओटीपी-पिन साझा नहीं करने की दी समझाइश
CBN36 मुंगेली। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में साइबर जागृति अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने थाना फास्टरपुर और पथरिया क्षेत्र के चार स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 2046 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान का उद्देश्य साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करना है। अभियान के तहत हर गांव, हर शहर और हर घर तक साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
चार स्कूलों में दी गई जानकारी

एसएसपी के निर्देश पर 17 सितंबर को थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम दाबो स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 316 छात्र-छात्राओं और 9 शिक्षकगण तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में 409 छात्र-छात्राओं और 14 शिक्षकगण को जागरूक किया गया।
वहीं, 16 सितंबर को थाना पथरिया क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल पथरिया में 685 छात्र-छात्राओं और 15 शिक्षकगण तथा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पथरिया में 636 छात्र-छात्राओं और 17 शिक्षकगण को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील

पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान लोगों के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी वर्गों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस का संदेश है—“साइबर जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।”
प्रधान संपादक




