Explore

Search

September 17, 2026 4:03 pm

लव ट्रायंगल में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, 24 घंटे में रायगढ़ पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद

CBN36 रायगढ़। रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे में गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम और विवाद का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले किशोर का मोबाइल छीनकर उसे डराया-धमकाया और एक हजार रुपये की मांग की। विवाद बढ़ने पर पुराने बस डिपो के पास पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान उसके पिता ने 16 वर्षीय पुत्र के रूप में की। परिजनों के मुताबिक किशोर 14 सितंबर की रात करीब नौ बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले में अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

आखिरी बार साथ दिखे युवकों से खुला राज

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों और गवाहों से पूछताछ की। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए युवकों की जानकारी जुटाई गई। जांच में 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ किशोर के विवाद की जानकारी सामने आई।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने घटना से इनकार किया, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पहले छीना मोबाइल, फिर पत्थर से कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को दोनों आरोपी चक्रधर समारोह देखने रामलीला मैदान गए थे। वहां उन्होंने किशोर को एक परिचित लड़की के साथ देखा। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी शिवम बानी उक्त लड़की से एकतरफा लगाव रखता था। इसी बात को लेकर उसने किशोर को वहां बुलाया।

आरोप है कि शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर एक हजार रुपये देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। इसके बाद दोनों किशोर को साथ लेकर पुराने बस डिपो की ओर चले गए। वहां लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात को लेकर उसे डराया-धमकाया गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

क्राइम सीन री-कंस्ट्रक्शन, मोबाइल और खून से सने कपड़े जब्त

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल बरामद किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन री-कंस्ट्रक्शन कराया गया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ की आपराधिक प्रवृत्ति रही है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली में मारपीट के पूर्व मामले भी दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एसएसपी शशि मोहन का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। हत्या जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित विवेचना, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।

कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर तथा आरक्षक कमलेश यादव, हरेन्द्र जगत, जितेन्द्र दुबे, सत्या यादव और कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS