CBN36 पलारी। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए खपाने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ पलारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ी संदिग्ध रकम का लेनदेन किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के जयपुर निवासी कैलाशचंद सेन ने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि झांसा देकर उनसे 1,08,644 रुपये की ठगी की गई। ठगी की रकम यूको बैंक की पलारी शाखा के एक खाते में ट्रांसफर की गई थी।
साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान पलारी पुलिस ने संबंधित बैंक से खाते की जानकारी और स्टेटमेंट हासिल किया। जांच में खाते के धारक खिलेंद्र वर्मा के खाते में 1,08,644 रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि दीपेश मल्होत्रा ने उसे बैंक खाता खुलवाने और इसके बदले कमीशन देने का लालच दिया था।
एटीएम कार्ड और सिम भी ले लिया था
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि बैंक खाते का संचालन आरोपी दीपेश मल्होत्रा कर रहा था। उसके पास खाते से संबंधित एटीएम कार्ड और सिम कार्ड भी था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से प्राप्त रकम के ट्रांसफर के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैन कार्ड की प्रतियां और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस द्वारा उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61(2), 314, 317(5) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपियो में खिलेंद्र वर्मा (21), निवासी वार्ड 14, आमपारा, ग्राम अहमदपुर (पलारी), थाना पलारी दीपेश मल्होत्रा (23), निवासी विकास विहार कॉलोनी, महादेव चौक, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर शामिल हैं ।
प्रधान संपादक




